उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर : इन राज्यों में पारा 40°C पार, दिल्ली समेत 10 राज्यों में हीटवेव अलर्ट

नई दिल्ली : उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अप्रैल के महीने में ही जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली समेत 10 राज्यों में अगले दो से तीन दिनों के लिए लू यानी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी अब खतरनाक रूप ले चुकी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। 19 अप्रैल को जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रयागराज 44.6°C तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं वाराणसी में 44.2°C तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.0 डिग्री का सबसे ज्यादा विचलन है।

इसके अलावा सुल्तानपुर में 43.8°C, आगरा, झांसी और बांदा में 43.6°C और हमीरपुर में 43.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। आईएमडी ने बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक तेज लू चलने की संभावना जताई है, जहां पारा 45°C के ऊपर जा सकता है।

हरियाणा में भी मौसम पूरी तरह बदल चुका है और ठंड की जगह तेज गर्मी ने ले ली है। रोहतक में इस सीजन का सबसे ऊंचा तापमान 41.9°C दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में 41.4°C रिकॉर्ड हुआ। अंबाला और करनाल में 40.4°C, गुरुग्राम में 40.1°C, पलवल और सोनीपत में 40.2°C, नूंह में 41.3°C, महेंद्रगढ़ में 40.8°C और जींद में 40.7°C तापमान रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के दस शहरों में पारा 40°C के पार पहुंच गया है। चंडीगढ़ में भी तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर 39°C रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में लू जैसे हालात बन सकते हैं और दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।

मौसम विभाग ने पूरे उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के लिए व्यापक हीटवेव अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 23 अप्रैल तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को, झारखंड में 22 अप्रैल तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 अप्रैल तक और पश्चिमी राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है।

इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 21 से 23 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट है। दिल्ली-NCR में भी तापमान बढ़ने के आसार हैं और अगले हफ्ते 18-24 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अधिकतम तापमान में 3-5°C की बढ़ोतरी हो सकती है।

इस भीषण गर्मी के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है और राजस्थान की ओर से लगातार पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में तेज धूप और गर्म हवा लोगों को झुलसा रही है। हरियाणा में भी साफ आसमान और शुष्क हवाओं की वजह से गर्मी का असर तेज हो रहा है।

वैज्ञानिकों के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान से गर्म हवाओं का संचरण पश्चिमी भारत की ओर हो रहा है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

गर्मी का असर इतना बढ़ गया है कि महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में तापमान 43°C तक पहुंचने पर जिला यातायात शाखा ने दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने का फैसला लिया है, ताकि सिग्नल पर खड़े लोगों को कड़ी धूप में परेशानी न हो। अकोला और वर्धा में पारा 45°C तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने भी लोगों को सलाह दी है कि बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

आईएमडी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी और कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। अप्रैल के बाद मई और जून में गर्मी अपने चरम पर पहुंचती है, लेकिन इस बार अप्रैल में ही इसका असर दिखने लगा है। फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं हैं, इसलिए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और लू से बचाव के सभी उपाय अपनाने की अपील की है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देवभूमि में मर्यादा का पालन करें श्रद्धालु – शंकराचार्य

Thu Apr 23 , 2026
बदरीनाथ । ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर समस्त सनातन धर्मावलंबियों को शुभकामनाएं दी हैं। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर उन्होंने इसे आध्यात्मिक चेतना का महापर्व बताया। ​भगवान बद्री विशाल की मानव पूजा का प्रारंभ ​शंकराचार्य जी ने कहा […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!