उत्तराखण्ड : गुलदार ने महिला पर किया हमला, महिला ने दिखाया साहस

बागेश्वर: कत्यूर घाटी में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को राजसेरा क्षेत्र में दिनदहाड़े गुलदार खेतों में पहुंच गया। इससे धान की मड़ाई कर रहे किसानों में अफरातफरी मच गई। घटना के कुछ घंटे बाद करीब तीन किलोमीटर दूर दर्शानी गांव में घर के पास घास काट रही दो बच्चों की मां पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार ने महिला के पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में पकड़ी दरांती से गुलदार के चेहरे पर वार कर दिया। इसके बाद गुलदार पैर छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

घायल महिला को ग्रामीण और परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए। वन विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर महिला का हाल जाना। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

 

खेतों में अचानक पहुंचा गुलदार, मड़ाई छोड़कर भागे किसान

गरुड़ की कत्यूर घाटी स्थित राजसेरा क्षेत्र के माल्दे, सेलीहाट और नौघर में शुक्रवार को किसान धान की मड़ाई में जुटे थे। इसी दौरान दिनदहाड़े अचानक गुलदार खेतों के बीच पहुंच गया। गुलदार को देखकर किसानों में भगदड़ मच गई। किसान मड़ाई का काम छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

ग्रामीणों ने गुलदार की गतिविधि का वीडियो भी बनाया। ग्राम प्रधान कविता नेगी और अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की है।

 

झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला पर किया हमला

राजसेरा की घटना के कुछ घंटे बाद करीब तीन किलोमीटर दूर गरुड़ नगर से सटे दर्शानी गांव में गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी मनोहर पांडे शाम के समय अपने घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया और उनके पैर को जबड़े में जकड़ लिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

 

दरांती से गुलदार के चेहरे पर किया वार, एक पैर से पीछे दौड़ी महिला

गीता देवी ने हाथ में पकड़ी दरांती से गुलदार के चेहरे और मुंह पर वार कर दिया। वार लगते ही गुलदार ने महिला का पैर छोड़ दिया। इसके बाद घायल महिला ने शोर मचाते हुए एक पैर से गुलदार के पीछे दौड़ने का प्रयास किया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण घायल गीता देवी को उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ ले गए।

 

अस्पताल पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने जाना घायल महिला का हाल

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, बालकृष्ण और नरेंद्र बिष्ट सीएचसी बैजनाथ पहुंचे और घायल महिला का हाल जाना।

पूर्व विधायक ललित फर्सवाण ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां सामने आ रही हैं। यदि जल्द पिंजरा नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

 

वन विभाग बोला- उच्चाधिकारियों को भेजी सूचना, इलाके में गश्त बढ़ाई

वन क्षेत्राधिकारी (आरओ) मदन सिंह गुसाईं ने बताया कि राजसेरा और दर्शानी में हुई दोनों घटनाओं की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलते ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।

घटनाओं के बाद राजसेरा, दर्शानी और आसपास के गांवों में गुलदार को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और आबादी के आसपास गुलदार की लगातार आवाजाही से लोगों को अकेले घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देवभूमि माटी गौरव सम्मान समारोह में चमकी उत्तराखंड की प्रतिभाओं की अनूठी आभा

Sun Oct 4 , 2026
देवभूमि माटी गौरव सम्मान समारोह: संस्कृति और प्रतिभाओं के महाकुंभ में चमके उत्तराखंड के सितारे देहरादून। संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रांत की ओर से संस्कृति विभाग के सभागार में “देवभूमि माटी गौरव सम्मान समारोह-2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, खेल, समाजसेवा, […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!