चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष फोकस, केदारनाथ मार्ग पर 24×7 मेडिकल सेवाएं सक्रिय

केदारनाथ : उच्च हिमालयी क्षेत्र में संचालित श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दौरान जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को श्रद्धालुओं हेतु प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। संपूर्ण यात्रा मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक स्थापित चिकित्सा इकाइयों, मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP), बेस कैंप चिकित्सालयों तथा हेली एवं एम्बुलेंस रेस्क्यू सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
 
प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यात्रा प्रारम्भ से अब तक  धाम स्थित चिकित्सालयों में कुल  40116 यात्रियों को ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाएं प्रदान की गई हैं। जबकि आज  3275 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। इसी प्रकार अब तक 30511 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच/स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिनमें से आज 2211 स्क्रीनिंग एक ही दिन में की गईं।
 
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान नियमित परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे संभावित जोखिम वाले यात्रियों की समय रहते पहचान हो सके।
 
रेस्क्यू व्यवस्था की बात करें तो अब तक 19 तीर्थ यात्रियों को हेली सेवा के माध्यम से उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया है, 112 यात्रियों को एम्बुलेंस के माध्यम से जबकि 50 श्रद्धालुओ को डंडी कंडी के माध्यम से सुरक्षित नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जो प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया को दर्शाता है।
 
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अब तक 31 यात्री अस्वस्थ अथवा यात्रा हेतु अयोग्य पाए गए हैं, जिनमें 6 मामले आज के दिन के हैं। ऐसे यात्रियों को यात्रा न करने अथवा चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
 
जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाओं को 24×7 सक्रिय रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजन सुविधा, प्रशिक्षित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस और हेली सेवाएं तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
 
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पूर्व अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।
 
कुल मिलाकर, केदारनाथ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था और त्वरित रेस्क्यू प्रणाली के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में प्रशासन निरन्तर सक्रिय है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड : दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

Fri May 8 , 2026
अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद एसडीआरएफ उत्तराखण्ड पुलिस ने दुर्गम खाई में चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार गुरुवार प्रातः तहसील प्रशासन को सूचना […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!