कोलंबिया में सैन्य विमान हादसा, 60 से अधिक लोगों की मौत, कई लापता

बोगोटा। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक भीषण सैन्य विमान हादसा हो गया, जिसमें 60 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त विमान में 120 से अधिक लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब हरक्यूलिस C-130 सैन्य परिवहन विमान ने पुटुमायो प्रांत के प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भरी। टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कोलंबियाई सेना ने करीब 66 जवानों की मौत की पुष्टि की है, जबकि इससे पहले स्थानीय प्रशासन ने 34 जवानों के मारे जाने की बात कही थी। मीडिया रिपोर्ट्स में 20 से अधिक जवानों के लापता होने की आशंका जताई गई है।

वायुसेना के अनुसार, विमान में 110 सैनिक और 11 क्रू सदस्य सहित कुल 121 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया, जिसमें अब तक कम से कम 77 लोगों को घायल अवस्था में सुरक्षित निकाला गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान विमान में मौजूद गोला-बारूद और विस्फोटक भी फट गए, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया तथा बचाव कार्यों में कठिनाई आई। दुर्घटनास्थल से उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया।

दुर्घटनाग्रस्त विमान अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 था, जिसे 1950 के दशक में विकसित किया गया था। कोलंबिया ने इन विमानों को 1960 के दशक के अंत में खरीदा था और वर्तमान में इनका उपयोग सैन्य परिवहन के लिए किया जा रहा है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज के अनुसार, विमान सैनिकों को पुटुमायो के ही एक अन्य क्षेत्र में ले जा रहा था। यह इलाका अमेजन क्षेत्र में स्थित है और इसकी सीमाएं इक्वाडोर और पेरू से लगती हैं।

कोलंबियाई वायुसेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका सामने आई है। विमान हवाई अड्डे से करीब दो किलोमीटर दूर क्रैश हुआ। अधिकारियों ने मृतकों की अंतिम संख्या की पुष्टि के लिए जांच जारी होने की बात कही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मंत्रिमंडल विस्तार व बदलाव अच्छा मगर बहुत देर से उठाया गया कदम – उविपा

Tue Mar 24 , 2026
कोटद्वार। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी को मंत्रिमंडल विस्तार और बदलाव की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार, बिलजी,पानी और सड़क हमारी मूल भूत आवश्यकतायें हैं जिनके निराकरण के लिए मोदी सरकार को थोड़ी गंभीरता दिखानी चाहिए। एडवोकेट जगदीश […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!